- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
क्वेटा (पाकिस्तान)। मंगलवार को पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी शहर क्वेटा में एक बड़ा कार बम धमाका हुआ। यह धमाका अर्धसैनिक सुरक्षा बलों (पैरामिलिट्री) के मुख्यालय के बाहर हुआ। अधिकारियों के मुताबिक इस भीषण धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
न्यूज़ एजेंसी एपी के अनुसार, धमाके की आवाज कई मील दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के तुरंत बाद घटनास्थल पर एम्बुलेंस और बचाव दल पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद क्वेटा शहर के सभी अस्पतालों में मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
फिलहाल, धमाके की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते घटनास्थल पर मौजूद हैं और जांच जारी है। इस आतंकी हमले के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
क्वेटा में यह धमाका ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान पहले से ही आतंकी गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है।
