सिरसा: दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं को मिलेगा सशक्तिकरण का अवसर- राज्यसभा सांसद सुभाष बराला

सिरसा, 25 सितंबर ( एम पी भार्गव) राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इसी सोच को साकार रूप देते हुए आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की गई है, जो महिला सशक्तिकरण को और मजबूत करने का काम करेगी।
श्री बराला वीरवार को स्थानीय नागरिक अस्पताल में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। नागरिक अस्पताल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को कार्ड भी वितरित किए गए। इससे पहले मुख्यातिथि सुभाष बराला की गरिमामयी उपस्थिति में जिला नागरिक अस्पताल सिरसा के ओपीडी ब्लॉक के नवीनीकरण का उद्घाटन भी हुआ और उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए मेगा स्वास्थ्य जांच कैंप का अवलोकन करते हुए एक-एक स्टॉल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मुख्यअतिथि, विशिष्ट अतिथि व अन्य गणमान्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सांसद बराला ने कहा कि भारतीय संस्कृति सबसे प्राचीन व श्रेष्ठ संस्कृति है, जिसमें नारी को पूजनीय माना गया है। नवरात्रों के अवसर पर हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर माताओं व बेटियों को बड़ा सम्मान दिया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.