सोनभद्र: उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जीएसटी की संशोधित दरों पर विचार-विमर्श किया गया और व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने बैठक में कहा कि हाल ही में बढ़ौली गांव में करंट लगने से चाची और भतीजे की मौत हुई थी। त्योहारों के सीजन में ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ेगा, जबकि नगर में लगे कई ट्रांसफार्मरों में न तो अर्थिंग की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा घेरा। शर्मा ने बताया कि रावटसगंज नगर में कुल 194 ट्रांसफार्मर हैं, जिनमें से 62 असुरक्षित हैं। दरोगा जी की गली में शॉर्ट सर्किट से आग लग चुकी है और धर्मशाला चौक पर टेढ़े खंभों पर 400 केबीए का ट्रांसफार्मर हादसे को आमंत्रण दे रहा है। अंबेडकर नगर में लगा ट्रांसफार्मर भी खतरे का कारण बन रहा है।
शर्मा ने परिवहन निगम डिपो की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि 3 करोड़ 5 लाख रुपए से बने डिपो में बसें खड़ी न होकर फ्लाईओवर के नीचे खड़ी की जाती हैं, जिससे आए दिन जाम की समस्या होती है। वहीं पास में पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा होने से ग्राहकों को खतरा बना रहता है और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी जैसी घटनाएं भी घटती रहती हैं।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जीएसटी विभाग के अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.