नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की आराधना में डूबे श्रद्धालु

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ रघुराज सिंह

सोनभद्र (बीजपुर)। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से ही श्रद्धा और भक्ति का अनोखा उत्साह देखने को मिला। सोमवार सुबह से ही रिहंदेश्वर मंदिर, बेड़ियां हनुमान मंदिर, प्राचीन दूदहिया माता मंदिर, अजिरेश्वर धाम समेत पूरे क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। माता शैलपुत्री के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लोगों का तांता लगा रहा। भक्तों ने घर-घर व मंदिरों में विधिवत कलश स्थापना कर माता शैलपुत्री की आराधना की। फल, फूल, चुनरी, नारियल और मिष्ठान अर्पित कर श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में अपनी मनोकामनाएँ समर्पित कीं। परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना के साथ भक्तों ने नौ दिन के व्रत और दुर्गा सप्तशती पाठ का शुभारंभ किया। बेड़ियां हनुमान मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ला ने बताया कि नवरात्रि में नियमपूर्वक स्थापित कलश और मां दुर्गा की साधना करने से भक्त की हर मुराद पूरी होती है। पूरे इलाके में घंटे-घड़ियाल, मंत्रोच्चार और जयकारों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.