देहरादून: अधीनस्थ सेवा आयोग परीक्षा से पहले नकल माफिया हाकम सिंह गिरफ्तार, 12-15 लाख रुपए वसूलने का आरोप

देहरादून, 21 सितंबर। उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। नकल माफिया हाकम सिंह एक बार फिर सक्रिय हो गया था, लेकिन इस बार परीक्षा से पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गया। देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में खुलासा हुआ कि हाकम सिंह आगामी अधीनस्थ सेवा आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से 12 से 15 लाख रुपए वसूल रहा था।

21 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाली परीक्षा से पहले हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को पटेल नगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। दोनों पर नकल विरोधी कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की गुप्त जांच में सामने आया कि हाकम सिंह गैंग अभ्यर्थियों को झांसा देकर मोटी रकम ऐंठ रहा था। योजना यह थी कि यदि परीक्षार्थी पास हो जाता तो पूरी रकम रख ली जाती और असफल होने की स्थिति में अगले परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर पैसे हड़पे जाते।

गौरतलब है कि हाकम सिंह का नाम 2022 के वीपीडीओ भर्ती घोटाले में भी सामने आया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.