- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/अजीत पाण्डेय
सोनभद्र (बभनी)। बभनी थाना क्षेत्र के बरवाटोला (ब) ग्राम पंचायत में ग्रामीणों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। अवैध रूप से क्लिनिक चलाने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर ने प्रशासन द्वारा पूर्व में सील किए जाने के बावजूद अपने घर को ही क्लिनिक में बदल दिया है। जानकारी के अनुसार पास के बचरा ग्राम पंचायत स्थित एक निजी मकान में संचालित अवैध क्लिनिक को ग्रामीणों की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने लगभग छह माह पहले सील कर दिया था। लेकिन डॉक्टर ने पैंतरा बदलकर अपने आशियाने से ही इलाज शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उसके इलाज से कई लोगों को दुष्परिणाम झेलने पड़े हैं और स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि घर-घर जाकर इलाज करने के नाम पर यह डॉक्टर गरीब और अशिक्षित लोगों को ठग रहा है। अवैध गतिविधि की शिकायत मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) सोनभद्र को लिखित रूप में दी गई थी, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीण दहशत में हैं। पूर्व प्रधान हसनैन का कहना है कि शिकायत पर केवल एफआईआर दर्ज होने की बात कहकर स्वास्थ्य विभाग जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक बभनी राजन सिंह ने बताया कि अवैध क्लिनिक को छह माह पहले सील किया गया था और पुलिस को मुकदमा दर्ज कराने की सूचना दी गई थी। वहीं, एडीशनल सीएमओ जीएस यादव ने कहा कि यदि वर्तमान में मकान से क्लिनिक संचालित किया जा रहा है तो जांच टीम भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
