ऐलनाबाद , सिरसा, 15 सितंबर ( एम पी भार्गव): हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जिला के शहरी क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषदों व नगर पालिकाओं की टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, बाजरों, रिहायशी कॉलोनियों व पार्कों में निरंतर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, दुकानदारों को दुकानों में डस्टबिन रखने व पॉलीथिन का उपयोग न करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने आमजन से हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब हर एक नागरिक इसमें भागीदार बनेंगे और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखेंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रत्येक नगर पालिका और परिषद क्षेत्र में चरणबद्ध ढंग से सफाई, कूड़ा प्रबंधन और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद की गाडिय़ों द्वारा नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का कार्य जारी है। शहर की मुख्य सडक़ों और कॉलोनियों में पेड़ों की छंटाई कर रास्तों को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। बाजारों, रिहायशी कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े को पूरी तरह से हटाया जा रहा है।
