महराजगंज में मेरठ की मुस्कान जैसा कांड: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, हादसा दिखाने के लिए घसीटी लाश

महराजगंज (उत्तर प्रदेश)। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पत्नी नेहा रौनियार (21) ने अपने प्रेमी जितेंद्र (20) के साथ मिलकर पति नागेश्वर रौनियार (26) की बेरहमी से हत्या कर दी। साजिश के तहत पहले शराब पिलाई, फिर दुपट्टे से हाथ-पैर बांध दिए और गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को बाइक पर लटकाकर करीब 25 किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसे जैसा लगे।

  वारदात ऐसे हुई

मृतक नागेश्वर और नेहा की लव मैरिज हुई थी।

पत्नी ने शराब पिलाकर पति को बेहोश किया और प्रेमी संग मिलकर गला घोंटा।

शव को नहलाकर नए कपड़े पहनाए गए और फिर बाइक पर लटकाकर दूर तक घसीटा गया।

लाश निचलौल-सेंदुरिया रोड पर दमकी गांव के पास मिली।

  नेहा का इकबालिया बयान
आरोपी पत्नी ने बताया कि पति ही उसे जबरन प्रेमी जितेंद्र से मिलवाता था और रातों में उसके पास छोड़कर जाता था। करीब एक साल तक यह सिलसिला चला। बाद में नेहा और जितेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी की कसम खा ली। लेकिन नागेश्वर न तो पत्नी को छोड़ रहा था और न ही तलाक दे रहा था। इससे तंग आकर दोनों ने हत्या की साजिश रची।

  परिवार का आरोप और पुलिस कार्रवाई
मृतक के पिता ने सीधे-सीधे बहू और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस जांच में भी यही सच सामने आया। महराजगंज के SP सोमेंद्र मीणा ने बताया कि 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में नेहा और जितेंद्र ने जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल दोनों जेल में हैं, जबकि नागेश्वर का 5 साल का बेटा दादा के पास है।

महराजगंज की यह वारदात मेरठ की मुस्कान मर्डर केस की याद दिलाती है और इलाके में सनसनी फैली हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.