एशिया कप 2025 IND vs PAK: पहलगाम हमले के बाद पहला महामुकाबला, ओवैसी ने मोदी सरकार से पूछा- “क्या 26 जानों से ज्यादा कीमती है मैच का मुनाफा?”
नई दिल्ली। एशिया कप 2025 में आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद खेले जा रहे इस मुकाबले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना उन 26 निर्दोष भारतीयों की शहादत का अपमान नहीं है क्या? ओवैसी ने कहा – “क्या एक क्रिकेट मैच से होने वाले 2000-3000 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ 26 जानों से ज्यादा महत्वपूर्ण है?”
ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी पुरानी बात याद दिलाई – “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, आतंक और संवाद साथ नहीं चल सकते।” उन्होंने पूछा कि अब क्या बदल गया है कि पाकिस्तान के साथ मैच खेला जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आप आतंकवाद से बातचीत न करने की बात कहते हैं तो पाकिस्तान से क्रिकेट खेलना कैसे जायज़ ठहराया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि यह मैच रद्द किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद देशभर में गुस्से का माहौल है। ऐसे में आज का भारत-पाकिस्तान मैच सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि राजनीति और भावनाओं का मुद्दा भी बन गया है।
