गरीबों और किसानों के चेहरे की मुस्कान बन रही भाजपा: हरीश गंगवार 

भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने स्वार विधानसभा क्षेत्र के टांडा नगर के बूथ अध्यक्षों से किया संपर्कबोले बूथ समिति भाजपा की मजबूती का आधार, पंचायत चुनाव में होगी प्रचंड जीत

रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि आज भाजपा गरीबों और किसानों के चेहरे की मुस्कान बन रही है। भाजपा ने गरीबों को यह एहसास कराया है कि उनका एक वोट किस तरह से उनकी तकदीर बदल सकता है। ऐसे में आगामी पंचायत चुनाव में भी जनता यह तय कर चुकी है कि भाजपा को जिताना है। हमारी सभी बूथ समितियों को सिर्फ अपने बूथों को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। यदि यह काम हो गया, तो पंचायत चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत तय है।

बूथ संपर्क अभियान के तहत रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष स्वार विधानसभा क्षेत्र के टांडा नगर मंडल पहुंच गए। यहां उन्होंने शक्तिकेंद्रों के अनुसार बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि गरीबों और किसानों के जीवन में आशा की एक किरण बनकर उभरी है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं आज गांव-गांव में बदलाव की कहानी लिख रही हैं। चाहे बात हो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की, जिससे करोड़ों किसानों को सीधा आर्थिक सहयोग मिला है, या फिर उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना आदि हों। सभी योजनाओं का लाभ जमीन पर पात्रों को मिल रहा है। किसानों को समय पर खाद, बीज, सिंचाई और फसल बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भाजपा सरकारों ने रिकॉर्ड कार्य किए हैं। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगातार वृद्धि और मंडियों के डिजिटलीकरण ने किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता हमेशा गरीब, किसान और मजदूर वर्ग रहा है। आज गांवों में जब बिजली, सड़क, पानी और आवास की सुविधाएं पहुंच रही हैं, तो लोग कह रहे हैं भाजपा है तो भरोसा है।
बैठक में बूथ स्तर पर आ रही समस्याओं, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के तरीकों और संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अली यूसुफ अली, टांडा नगर मंडल अध्यक्ष रोहित सैनी, लक्ष्मी सैनी, महेंद्र सैनी, रवि रूहेला, अर्जुन रस्तोगी, योगेश सैनी, राजकुमार चौहान, करन सिंह सैनी आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.