फरीदाबाद। थाना आदर्श नगर पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और गलत काम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता, गांव सोतई निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी 26 जुलाई को घर से बिना बताए गायब हो गई थी। इस शिकायत पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जांच के दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए गुलबहार (24 वर्ष), निवासी कालंदा, जिला शामली (उ.प्र.), हाल निवासी कुरेशीपुर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गुजरात से साड़ियां लाकर फेरी लगाकर बेचता था। इसी दौरान उसने नाबालिग लड़की को अपनी बातों में फंसा लिया और अपने साथ ले जाकर उसके साथ गलत काम किया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
