सोनभद्र: तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटा, दो बाइक सवार घायल, एक की हालत गंभीर

  • रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के प्रदूषण जांच केंद्र के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राख से भरे ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रही दो मोटरसाइकिलों से टकरा गया और फिर डिवाइडर पर चढ़ गया।
इस हादसे में 50 वर्षीय इंद्रबहादुर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया गया कि अनियंत्रित ट्रक का टायर उनके हाथ पर चढ़ गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार रामनरेश यादव को सिर में चोट आई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँचे प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी चोपन भेजवाया। हालत गंभीर होने पर इंद्रबहादुर को जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद रामनरेश को घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाराणसी–शक्तिनगर राजमार्ग पर भारी वाहन तेज रफ्तार और ओवरलोड होकर गुजरते हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और सबसे अधिक परेशानी बाइक चालकों को झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर कड़ी निगरानी और वाहनों की जांच अभियान चलाने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.