रामपुर रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय में शिक्षक दिवस पर विशेष प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

रामपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर रामपुर रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय में एक विशेष प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पुस्तकालय के निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र ने किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. मिश्र ने कहा कि शिक्षक दिवस हर वर्ष 5 सितम्बर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, जीवन मूल्यों और मानवता की शिक्षा भी प्रदान करते हैं।

डॉ. मिश्र ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन की दो ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब वे सोवियत संघ के शासक स्टालिन और चीन के नेता माओ त्से तुंग से मिले, तो विदा होते समय उनके कंधे पर स्नेहपूर्वक हाथ रखा। यह घटनाएँ सिद्ध करती हैं कि भारत में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और कोई भी शासक सच्चे आचार्य से बड़ा नहीं हो सकता।

अपने उद्बोधन में डॉ. मिश्र ने सर सैयद अहमद ख़ाँ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना के समय सर सैयद को भारी विरोध और फतवों का सामना करना पड़ा, लेकिन आज वही विश्वविद्यालय दुनिया को प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर और शिक्षाविद् प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा –

“जब व्यक्ति अज्ञान और अंधकार में जीता है, तब वह दूसरों के विरुद्ध षड्यंत्र करता है। लेकिन ज्ञान की रोशनी से आलोकित होने पर उसमें करुणा, सहानुभूति और उत्कृष्टता की भावना जागृत होती है, जो समाज को समृद्ध और शांतिपूर्ण भविष्य की ओर ले जाती है।”

प्रदर्शनी में शिक्षा, विद्या और प्रेरणा से जुड़ी दुर्लभ पुस्तकें, ऐतिहासिक दस्तावेज, महान शिक्षाविदों की जीवनियाँ और शोध सामग्री प्रदर्शित की गईं। बड़ी संख्या में छात्र, शोधार्थी, शिक्षक और नगर के गणमान्य नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।

यह विशेष प्रदर्शनी 4 सितम्बर से 11 सितम्बर 2025 तक आमजन के लिए प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन शाजिया हसन ने अत्यंत कुशलता से किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.