पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी पर सोनभद्र में बवाल, भाजपा महिला मोर्चा ने किया विरोध-प्रदर्शन

  • रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। बिहार के दरभंगा में हुई सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर विपक्षी दलों की ओर से की गई टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और राहुल गांधी के पोस्टर पर श्रृंगार की वस्तुएं लगाकर विरोध जताया। इसके बाद पोस्टर पर चप्पलों से प्रहार भी किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए – “मां का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा” और “राहुल गांधी होश में आओ”।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मैदान में उतर आए और भाजपा पर लोकतांत्रिक मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड़ ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह का प्रदर्शन निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों से भटकाकर जनता को गुमराह करने में लगी है। जिले में स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आए तो पुलिस ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग किया। एहतियात के तौर पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। करीब दो घंटे तक भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी होती रही, जिससे जिला मुख्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि पुलिस की सख्ती से बाद में स्थिति सामान्य हो सकी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.