अजनाला के गाँव बाढ़ की चपेट में, किसानों ने कहा– “पांच साल पीछे चले जाएंगे”
फसलें और घर तबाह, खाने के लिए भी कुछ नहीं बचा सरकार और प्रशासन से तुरंत मदद की अपील
अमृतसर। अजनाला हलके के कई गाँव इन दिनों बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। गाँव फुले चैक, कोटली कोरोताना, वंझावाल, नंगल और कमीरपुरा में दरियाओं का पानी घुस जाने से ग्रामीणों की ज़िंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। बाढ़ ने न सिर्फ घरों को जलमग्न कर दिया, बल्कि खेतों में खड़ी फसलें भी पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं।
किसानों का कहना है कि इस तबाही ने उन्हें कम से कम पाँच साल पीछे धकेल दिया है। उनकी मेहनत से उगाई गई पूरी फसल पानी में बह गई और अब खाने तक के लाले पड़ गए हैं।
स्थिति इतनी विकट है कि कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की परेशानियाँ और भी बढ़ गई हैं।
गाँवों में बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है क्योंकि स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएँ भी बाधित हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से तात्कालिक मदद की गुहार लगाई है ताकि वे इस आपदा से उबर सकें।
