नेटवर्क समस्या वाले दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने को प्रशासन ने तेज की कार्रवाई
चार माह में 28 नए मोबाइल टॉवरों को मिली मंजूरी, 22 पर काम शुरू
- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क समस्या से प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पिछले चार महीनों में जिले में 28 नए मोबाइल टॉवर लगाए जाने की स्वीकृति मिली है, जिनमें 22 टॉवरों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि छह अन्य टॉवरों पर जल्द काम शुरू होगा। इनमें तीन टॉवर जुगैल क्षेत्र में लगाए जाने हैं। प्रशासन की ओर से नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर टॉवर स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
विकासखंड नगवां की ग्राम पंचायत सरईगढ़ की बच्ची से जुड़ा नेटवर्क समस्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया। बीएसएनएल के एसडीओ ने बताया कि संबंधित क्षेत्र का नेटवर्क सर्वे पहले ही पूरा किया जा चुका है और टॉवर स्थापना की स्वीकृति के लिए डीजी बीएसएनएल से पत्राचार किया गया है। स्वीकृति मिलते ही वहां भी टॉवर स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के कई नेटवर्क विहीन गांवों में 4-जी टॉवर स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। इनमें नगवां, दरमा, मड़कुरी, सांडसोत, ढोलो, सपही, अमिलिपोखर, मूर्तिया, देवगढ़, डूमा, जौराही, गंगहर, शिशवा और पतखिरना सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
