वाराणसी : कॉलोनाइजर को मारी गई गोली, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस। पुलिस टीम गठित, खंगाले जा रहे सी०सी०टी०वी० फुटेज…
- रिपोर्ट: सुकेश पांडेय
कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन में गुरुवार सुबह बदमाशों ने कॉलोनाइजर को गोली मार दी। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय थाने की फोर्स के साथ डी०सी०पी० वरुणा प्रमोद कुमार पहुंचे। घायल महेंद्र कुमार को मलदहिया के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। उधर डी०सी०पी० ने तत्काल शहर में चेकिंग अभियान शुरु करवाया। आसपास के इलाकों के सी०सी०टी०वी० फुटेज खंगाले जा रहे है। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटना सारनाथ के सिंहपुर के समीप का है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह महेंद्र गौतम (54) अपने बुद्धा सिटी मकान से अरिहंत नगर कॉलोनी (सिंहपुर) जा रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी में पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम को लक्ष्य कर तीन राउंड फायर झोंक दिया। बदमाशों ने पहली गोली महेंद्र के कनपटी पर मारी, गोली लगते ही महेंद्र जमीन पर गिर गए। जिसके बाद दूसरी गोली गर्दन पर लगी। तीसरी गोली महेंद्र के बाइक पर लगी। बाइक सवार बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ होकर कॉलोनी के रास्ते रिंग रोड होते हुए भाग निकले। घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले सुनील यादव तत्काल महेंद्र को लेकर मलदहिया अस्पताल की ओर भागे। सूचना मिलते ही मौके पर डी०सी०पी० वरुणा जोन पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
