- रिपोर्ट: दानवीर सिंह
आसफपुर/बिसौली (बदायूं)। बिसौली तहसील प्रशासन ने बुधवार को क्षेत्र के ग्राम नूर नगर कौड़ियां में बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर यादव ने राजस्व टीम के साथ पहुंचकर कृषक रामकृष्ण पुत्र कोमिक सिंह सहित एक अन्य बड़े बकायेदार के घर पर सार्वजनिक नोटिस चस्पा किया।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि नियत समय सीमा तक बैंक ऋण का भुगतान नहीं किया गया, तो उनकी अचल संपत्ति को कुर्क कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान तहसील प्रशासन की टीम ने बकायेदारों की संपत्तियों को चिन्हित कर लाल झंडी और बैनर भी गाड़ दिए। गांव में हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार्रवाई के समय पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक प्रभाष कुमार द्विवेदी, लोन अधिकारी देव रस्तोगी, लेखपाल मोहित शर्मा, संग्रह अमीन आराम सिंह, रिकवरी एजेंट प्रदीप कुमार सिंह, रामकुमार सहित राजस्व विभाग और बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।
इस संबंध में नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर यादव ने जानकारी दी कि प्रशासन बड़े बकायेदारों पर सख्त रुख अपनाए हुए है और समय पर भुगतान न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
