रामपुर। बीबीसी गुड फूड इंडिया की पूर्व संपादक सोना बहादुर की पुस्तक ‘एन इनविटेशन टू फीस्ट: अ डीप डाइव इनटू इंडियाज़ कलिनरी ट्रेज़र्स’ का विमोचन पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने किया। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां के अनुसार, लेखिका सोना बहादुर के पिता नरेंद्र कुमार सभरवाल वर्ष 1973–1974 में रामपुर और 1974–1976 में मुरादाबाद के जिला मजिस्ट्रेट रहे हैं, जबकि उनकी मां श्रीमती नीलम सभरवाल यूनेस्को और नीदरलैंड में भारत की राजदूत रही हैं।
छह वर्षों की शोध के बाद तैयार इस पुस्तक में लेखिका ने भारत के खानपान के विविध रंगों को दर्शाने के लिए घरेलू रसोइयों, प्रसिद्ध शेफ, स्ट्रीट फ़ूड विक्रेताओं, रेस्टोरेंट मालिकों, ब्लॉगर्स, किसानों और उत्पादकों से संवाद किया है। इसमें रामपुर के व्यंजनों पर भी एक विशेष अध्याय शामिल है।
विमोचन के दौरान नवेद मियां ने खाद्य पत्रकारिता में सोना बहादुर के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में मशहूर शेफ मनीष मेहरोत्रा, पैनलिस्ट अनुभव सपरा, होइन्हु हौज़ेल, सदफ़ हुसैन समेत देश–विदेश के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
