रामपुर में किसानों की तिरंगा रैली, राष्ट्रपति को भेजा 15 सूत्रीय ज्ञापन

रामपुर। आजादी की सालगिरह से एक दिन पहले भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने शहर में भव्य किसान तिरंगा रैली निकाली। इस दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। युवाओं ने बाइक रैली के जरिए एकजुटता का संदेश दिया, वहीं किसानों ने ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर तिरंगा लगाकर जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रीय आह्वान पर आयोजित रैली में नैनीताल रोड से हाईवे होते हुए काफिला प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में बहुराष्ट्रीय कंपनियों और कॉरपोरेट खेती के विरोध में नारे लगाते हुए सिविल लाइंस थाने, अंबेडकर पार्क से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां किसानों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।

युवा किसान नेता फहद अहमद के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ता कैंप कार्यालय पर जुटे और बाइक रैली निकालकर जौहर रोड, गांधी समाधि होते हुए कार्यालय लौटे, जहां पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रैली के चलते कई मार्गों पर जाम लग गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई।

ज्ञापन के मुख्य बिंदु:

अमेरिका द्वारा थोपे गए 25% टैरिफ का विरोध।

प्रोसेस्ड फूड और डेयरी आयात से किसानों की आय को नुकसान का विरोध।

सभी फसलों के लिए सी2 + 50% फार्मूले पर एमएसपी की कानूनी गारंटी और सरकारी खरीद सुनिश्चित हो।

समग्र कर्ज माफी और माइक्रो फाइनेंस कंपनियों द्वारा उत्पीड़न पर रोक।

गांवों में उत्पादक सहकारी समितियों की स्थापना, जो बिना ब्याज कर्ज दें।

बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, लंबित बिल माफी, ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे 300 यूनिट मुफ्त बिजली।

पंजाब की लैंड पूलिंग नीति का विरोध।

सभी सरकारी पेंशन ₹10,000 प्रति लाभार्थी।

पुराने डीजल ट्रैक्टर और वाहनों पर प्रतिबंध नीति का विरोध।

वन अधिकार अधिनियम 2006 का पूर्ण क्रियान्वयन।

प्राथमिक स्कूलों को बंद करने की नीति का विरोध।

साम्प्रदायिक हिंसा, बुलडोज़र कार्रवाई और झूठे मुकदमों पर रोक।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष जगजीत सिंह गिल, जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल, प्रदेश सचिव दरयाब सिंह यादव सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.