रामपुर: मंडी सचिव के खिलाफ व्यापारियों का विरोध, सुविधाओं के अभाव और मनमानी पर जताया आक्रोश

रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल तिलक नगर कॉलोनी के पदाधिकारी और व्यापारी साथी सोमवार को मंडी समिति डूंगरपुर पहुंचे और मंडी सचिव के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने ‘हाय-हाय’ के नारे लगाते हुए मंडी की समस्याओं को लेकर मंडी सचिव मनोज सूरी को ज्ञापन सौंपा।

संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नवीन फ्रूट और सब्जी मंडी में दुकाने बेहद छोटी हैं, जिनके आगे बने चबूतरे खुले हैं और उन पर कोई छाया नहीं है। पहले दुकानदारों ने स्वयं टिरपाल और टीन शेड लगवाए थे, लेकिन मंडी प्रशासन ने बिना लिखित सूचना के जेसीबी से इन्हें ध्वस्त कर दिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

व्यापारियों ने मांग की कि दुकानों के आगे पक्के टीन शेड लगाए जाएं और खाली पड़ी 75% जमीन पर अतिरिक्त दुकानें और शेड बनवाए जाएं, ताकि किसान और व्यापारी अपना माल धूप और बारिश से बचा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि मंडी में केवल एक गेट से आवागमन होने के कारण भारी जाम की समस्या रहती है, खासकर गेहूं और धान की खरीद के दौरान, इसलिए दूसरा गेट भी चालू कराया जाए।

इसके अलावा, व्यापारियों ने सब्जी मंडी में पीने योग्य पानी की व्यवस्था, जलभराव की समस्या का समाधान और नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की।

इस मौके पर युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिश अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अब्दुल बासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान सहित सैकड़ों व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.