वाराणसी : ए०सी०पी० ऑफिस से 200 मीटर दूर ई-रिक्शा में भाग्य लक्ष्मी एप से ऑनलाइन खेला जा रहा था जुआ  

एस०ओ०जी०-2 और भेलूपुर पुलिस ने किया 10 को गिरफ्तार। भाग्य लक्ष्मी एप के जरिये मजदूरों और श्रमिकों को फंसाने का आरोप...

  • रिपोर्ट: सुकेश पांडेय

भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुरुधाम चौराहे पर रविवार शाम एस०ओ०जी०-2 और भेलूपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन जुआ संचालित करने वाले संचालक समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹ 8200/= नकद और कुल 9 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें दो मोबाइल में भाग्य लक्ष्मी एप इंस्टॉल पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, गुरुधाम चौराहे पर ए०सी०पी० ऑफिस से महज 200 मीटर की दूरी पर ई-रिक्शा में बैठकर ये लोग ऑनलाइन जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलने पर एस०ओ०जी०-2 और भेलूपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को किया गिरफ्तार।

गिरफ्तार लोगों में खोजवा किरहीया निवासी अंतर्यामी सिंह (मुख्य संचालक), रविंद्रपुरी का शुभम साहनी, अस्सी भदैनी का हरिनाथ गौड़, लंका छित्तूपुर निवासी राज भारद्वाज, चितईपुर आदित्यनगर का ओमप्रकाश पटेल, दुर्गाकुंड हनुमानपुरा निवासी राजेश साहनी, डाफी बजरंग नगर कॉलोनी निवासी श्रवण कुमार मिश्रा, रोहनिया अखरी बाईपास निवासी विजय कुमार, बजरडीहा जीवधीपुर निवासी विकास कुमार और गुरुधाम रविंद्रपुरी निवासी मोनू सिंह शामिल हैं।

पुलिस जांच में पता चला कि भाग्य लक्ष्मी एप के माध्यम से मजदूरों और श्रमिकों को लुभाया जाता है। इस एप को लॉटरी के नाम पर प्रचारित किया जाता है। इसमें खिलाड़ी 1 से 9 तक का कोई भी नंबर चुनते हैं। अगर नंबर सही निकलता है तो जीत होती है, अन्यथा पैसे डूब जाते हैं। एप का लिंक व्हाट्सएप के जरिये भी शेयर किया जाता है और शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक इसका संचालन किया जा रहा है।

डी०सी०पी० क्राइम सरवणन टी० ने बताया कि ऑनलाइन जुए और अवैध लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संचालकों की तलाश में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.