रक्षाबंधन पर मिर्जापुर में सख्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, एसएसपी सोमेन बर्मा ने किया मुख्य मार्गों का निरीक्षण
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने और जनपद में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर सोमेन बर्मा ने शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटीरत पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने संकट मोचन, घंटाघर, त्रिमुहानी, पक्का घाट, इमामबाड़ा, शास्त्री पुल, नटवां तिराहा, शीतला मंदिर बथुआ तिराहा और राबर्ट्सगंज तिराहा सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। वे स्वयं शास्त्री ब्रिज पर मौजूद रहकर यातायात को सुचारू रूप से संचालित करते रहे ताकि त्योहार पर आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, कोतवाली कटरा और कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक, यातायात प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
एसएसपी के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ लगातार गश्त और निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत यूपी-112 पर संपर्क करें। मिर्जापुर पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वह नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए हर समय तत्पर है।
