आर्मी ऑफिसर बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिरसा साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी सफलता

ऐलनाबाद ,सिरसा 9 अगस्त ( एम पी भार्गव ): थाना साइबर क्राइम सिरसा पुलिस ने सेना अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई प्रबंधक अफसर साइबर थाना सिरसा उप निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में की गई।

शिकायतकर्ता कमल काती पुत्र शिवजी राम जिंदल, निवासी ओल्ड कोर्ट कॉलोनी सिरसा ने बताया कि 6 जुलाई 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को आर्मी ऑफिसर बताया और आर्मी के 25 मरीज दिखाने का झांसा देकर विश्वास में लिया। आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से पेमेंट प्रक्रिया बताने के बहाने उनके Paytm अकाउंट की जानकारी हासिल कर ली और HDFC बैंक खाते से ₹1,94,088 तथा अन्य ट्रांजेक्शन से ₹1,49,154 की राशि निकाल ली।

शिकायत पर थाना साइबर क्राइम सिरसा में मुकदमा संख्या 55, दिनांक 4 अगस्त 2025, धारा 318(4) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच PSI सुरेंद्र कुमार को सौंपी गई। जांच में पता चला कि ठगी में प्रयुक्त क्रेडिट कार्ड PNB व RBL बैंक के हैं, जो आरोपी शाकिर खान पुत्र इसब, निवासी गांव धाधोट, जिला पलवल के नाम पर हैं।

8 अगस्त 2025 को पुलिस टीम ने गांव धाधोट में छापेमारी कर आरोपी को काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया और आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल सिरसा भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक सिरसा ने जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सेना, सीबीआई, ईडी या किसी सरकारी विभाग के नाम पर कॉल आने पर बिना पुष्टि कोई भी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.