मेरठ: मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सात महीने की गर्भवती पत्नी की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना तब हुई जब आरोपी पति ने पत्नी से कहा, “लॉकेट लाया हूं, आंखें बंद करो। अपने हाथों से पहनाना चाहता हूं।”
पत्नी ने जैसे ही आंखें बंद कीं, आरोपी ने चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद उसने खुद पुलिस को कॉल कर अपराध कबूल किया और कहा—
“मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, डेडबॉडी घर पर है, आकर उठा लीजिए।”
खून से लथपथ मिली लाश
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो आरोपी रविशंकर जाटव (28) कमरे में बंद था और पत्नी सपना (25) की लाश के पास बैठा हुआ था। शव पूरी तरह खून से सना हुआ था। उसके चेहरे, पेट और सिर पर चाकू के कई वार मिले।
हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस को शक है कि हत्या अवैध संबंधों के शक के चलते की गई। हालांकि, अभी तक इसका कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
विवाह को केवल 8 महीने हुए थे
बताया गया है कि रविशंकर और सपना की शादी 23 जनवरी 2025 को हुई थी। दोनों की शादी को अभी सिर्फ आठ महीने ही हुए थे और सपना सात महीने की गर्भवती थी।
घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मोहल्लेवाले भी तब सन्न रह गए जब पुलिस मौके पर पहुंची। अब पुलिस हत्याकांड के पीछे के कारणों की गहन जांच में जुटी है।
