मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस वार्ता संपन्न: हरियाणा को मिला नया डिजिटल पोर्टल, 52.14 करोड़ का मुआवजा भी जारी
सिरसा, ( एम पी भार्गव): 31 जुलाई को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस वार्ता आज अनेक महत्वपूर्ण घोषणाओं और पहलों की साक्षी बनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की नई वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए इसे डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में एक ठोस कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब विभाग की सभी 26 सेवाएं एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होंगी, जिससे प्रदेशवासियों को अलग-अलग पोर्टल्स पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जाति प्रमाण पत्र से लेकर मुआवजे की जानकारी तक सब कुछ अब इसी प्लेटफॉर्म से प्राप्त किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने रबी 2025 के फसल खराबे से प्रभावित 22,617 किसानों को 52.14 करोड़ रुपये का मुआवजा जारी करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कदम सरकार की जनता के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “राजस्व विभाग न केवल प्रशासन की रीढ़ है, बल्कि आमजन के दुख-दर्द से सीधा जुड़ा हुआ है। जब-जब कोई आपदा या संकट की घड़ी आई है, लोग सबसे पहले इसी विभाग की ओर उम्मीद से देखते हैं।”
नई वेबसाइट के साथ-साथ विभाग ने स्वतंत्र आईटी डिवीजन भी स्थापित कर लिया है, जिससे तकनीकी विकास और सेवा वितरण में और तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने इसे महज तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि “जनसेवा का माध्यम” बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पोर्टल भविष्य में और अधिक सेवाओं को जोड़कर एक आदर्श डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय प्रमुख, पत्रकार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
