बरेली: दर्शन से लौट रहे दंपति पर हमला, महिला की हत्या – लूट की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

बरेली, 31 जुलाई। पूर्णागिरि मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक दंपति पर आंवला-वजीरगंज मार्ग पर बदमाशों ने हमला कर दिया। लूट के बाद बदमाशों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस जघन्य वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी क्राइम, एसओजी, सर्विलांस यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए।

क्या है पूरा मामला:
मूल रूप से वजीरगंज (बदायूं) के गांव व्यूली निवासी ओम शरण अपनी पत्नी अमरवती (35 वर्ष) के साथ पूर्णागिरि दर्शन करके अपनी ससुराल ग्राम मोतीपुरा, आंवला आए थे। कुछ समय रुकने के बाद वे रात में ही बाइक से अपने घर के लिए निकल पड़े। परिजनों ने उन्हें रात में न निकलने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने बच्चों के अकेले होने की बात कहकर रवाना होना तय किया।

जैसे ही दंपति कंन्थरी मंदिर के पास पहुंचे, करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

ओम शरण के अनुसार, बदमाशों ने पत्नी के चेहरे और सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई:
घायल पति ने पहले अपने संबंधियों को और फिर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हमलावरों की संख्या करीब छह रही है और उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, “जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

परिवार में मचा कोहराम:
अमरवती की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। महिला की हत्या और लूट की इस वारदात ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। क्षेत्रीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.