रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने संसद में उठाई रामपुर रेलवे स्टेशन की समस्या, सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं पर दिया गया आश्वासन
रामपुर। रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामपुर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और यात्रियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर संसद में जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर प्रतीक्षालय, भोजनालय, पेयजल एवं दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट जैसी सुविधाओं की सख्त ज़रूरत है।
सांसद ने संसद सत्र के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इन सभी सुविधाओं की मांग की और रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण के कार्य को तेज गति से पूरा करने की अपील की। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस इंफ्रास्ट्रक्चर की ज़रूरत को गंभीरता से उठाया।
केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन
रेलवे मंत्री ने सांसद को आश्वस्त किया कि रामपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा और जल्द ही इन मांगों पर कार्यवाही शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रतीक्षालय, पेयजल, भोजनालय और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
रामपुर की जनता ने सांसद के इस प्रयास की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि रेलवे स्टेशन को जल्द ही एक नए स्वरूप में देखने को मिलेगा।
