चुनार के गुलाबी बलुआ पत्थर को ODOP योजना में शामिल करने की मांग, मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सीएम को लिखा पत्र
रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर “वन जिला, एक उत्पाद (ODOP)” योजना में मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के गुलाबी बलुआ पत्थर को शामिल करने की मांग की है।
मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पत्र में कहा है कि चुनार का गुलाबी बलुआ पत्थर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसकी बनावट, रंग और मजबूती इसे अन्य पत्थरों से अलग बनाती है। यह पत्थर वर्षों से वास्तुशिल्प, मंदिरों, मूर्तियों और स्मारकों के निर्माण में उपयोग में लाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चुनार के गुलाबी पत्थर की कारीगरी और खनन कार्य से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और यह क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाता है। ऐसे में इस उत्पाद को ODOP योजना के तहत शामिल करने से स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा।
मंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस अनोखे प्राकृतिक संसाधन को संरक्षित और बढ़ावा देने के लिए जल्द ही इसे ODOP योजना में शामिल किया जाए।
