कांवड़ियों की सेवा कर डीएसपी ऋषिका सिंह ने पेश की मिसाल, सोशल मीडिया पर हो रहीं वायरल

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में इन दिनों कांवड़ यात्रा चरम पर है, जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था संभालने में पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा है। इसी बीच मुजफ्फरनगर में तैनात महिला पुलिस अधिकारी डीएसपी ऋषिका सिंह ने ऐसा कार्य किया है, जिसने उन्हें सोशल मीडिया पर चर्चित चेहरा बना दिया है।

डीएसपी ऋषिका सिंह न केवल अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रही हैं, बल्कि मानवता और सेवा की मिसाल भी पेश कर रही हैं। वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि ऋषिका सिंह कुर्सी पर बैठीं थकी हुई महिला कांवड़ियों के पैरों की सेवा कर रही हैं। वह खासतौर से महिला और बाल कांवड़ियों की देखभाल कर रही हैं, उन्हें पानी पिला रही हैं, और जहां ज़रूरत हो वहां फर्स्ट एड या आराम की व्यवस्था करा रही हैं।

इस सेवा भाव को देखकर लोग सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स उन्हें “मां समान अधिकारी” और “धरती की देवी” जैसे शब्दों से नवाज रहे हैं।

डीएसपी ऋषिका सिंह का कहना है कि “कांवड़ यात्रा में सेवा करना सौभाग्य की बात है। पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदार नहीं, बल्कि इंसानियत की भी प्रतिनिधि होती है।”

उनकी इस पहल ने पुलिस विभाग की छवि को एक सकारात्मक दिशा दी है और यह संदेश दिया है कि वर्दी केवल सख्ती का नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का प्रतीक भी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.