अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ युवा कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
ग्रामीण इलाकों को 24 घंटे में सिर्फ 4 घंटे मिल रही बिजली, अधिकारी नहीं उठा रहे फोन
रामपुर। रामपुर जनपद में लगातार जारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान जनता की आवाज बनते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। चमरौआ विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद फ़ाज़िल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज़िला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा और बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े किए।
ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद रामपुर में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता खासकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। बरसात के मौसम में भीषण गर्मी के बीच लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। देहात में 24 घंटे में सिर्फ 4 घंटे बिजली आ रही है। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद कई-कई दिन तक उन्हें बदला नहीं जाता। बिजली के तार जर्जर हालत में हैं और अधिकारी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं देते।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि खोद बिजली घर की स्थिति बेहद खराब है, यहां के जेई और एसडीओ साहब तो लोगों के फोन तक नहीं उठाते। ग्राम काशीपुर में कई दिनों से ट्रांसफार्मर फुका पड़ा है। यहां पिछले 25 वर्षों से कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं जबकि आबादी कई गुना बढ़ चुकी है। नतीजतन, लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल रही है। प्रदर्शनकारियों ने काशीपुर में उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग:
पूर्व शहर अध्यक्ष नोमान खान, युवा कांग्रेस ज़िला महासचिव अज़ीमुद्दीन, ओमप्रकाश सैनी, मोहम्मद कामिल, हननानुद्दीन, सुरेंद्र सैनी, आसिफ़ खान, हकीमुद्दीन, राजवीर, फैज़ुद्दीन, दाऊद मुमताज़, शान बाबू, मोहम्मद शाहवेज़, मोहम्मद फरीद, मोहम्मद आलिम, मोहम्मद आदिल, कपिल चौधरी, राजकुमार, शावेज़ शेख, मोहम्मद अनस, परवेज़ अली और सफुल इस्लाम आदि।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
