अजनाला: भूरे गिल गांव में ड्रग तस्कर गगनदीप सिंह के घर पर चला पीला पंजा, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

अजनाला (अमृतसर)। ड्रग तस्करों के खिलाफ अमृतसर ग्रामीण पुलिस की सख्ती जारी है। आज अजनाला क्षेत्र के भूरे गिल गांव में पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर गगनदीप सिंह उर्फ गगना के घर पर बुलडोजर चलाकर मकान ध्वस्त कर दिया। गगनदीप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न जिलों में कुल 6 मामले दर्ज हैं और वह इस समय फरार चल रहा है।

डीएसपी अजनाला गुरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गगनदीप सिंह पुत्र इकबाल सिंह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त है और उसके खिलाफ भारी मात्रा में ड्रग तस्करी के मामलों में एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गगनदीप व्यावसायिक स्तर पर ड्रग्स की सप्लाई करता था।

उन्होंने बताया कि बीडीपीओ विभाग की मदद से उसका मकान ढहाया गया है और यह कार्रवाई भविष्य में भी अन्य नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी। पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर नशा तस्कर अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आए तो उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है और यह संदेश गया है कि पंजाब सरकार नशा तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.