नगर विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात

अंबेडकर नगर। जिले की टॉप-10 नगर पालिकाओं में शुमार अकबरपुर नगर पालिका के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर के विकास कार्यों को लेकर करीब 15 मिनट तक दोनों के बीच गंभीर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री को यह जानकारी पहले से ही थी कि चंद्रप्रकाश वर्मा को अकबरपुर नगर पालिका की जनता ने तीसरी बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजयी बनाया है। श्री वर्मा की स्पष्ट और विकासोन्मुखी सोच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी प्रभावित हुए और उन्होंने नगर के चहुँमुखी विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस मुलाकात में नगर अध्यक्ष वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि शिव बाबा धार्मिक स्थल को और अधिक सुंदर व आकर्षक बनाने की योजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत स्थल के दोनों ओर भारी भरकम मार्बल गेट निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देगी, बल्कि नगर की सुंदरता में भी वृद्धि करेगी।

इसके साथ ही, नगर की पुरानी तहसील से लेकर पटेल नगर, कलेक्ट्रेट ऑफिस और अटल भवन तक की सड़कों की ऊंचाई बढ़ाने और दोनों तरफ इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने जैसे कार्यों के लिए लगभग ₹4 करोड़ 75 हजार का विस्तृत विकास प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

विस्तारित क्षेत्रों में अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने की मांग भी नगर अध्यक्ष ने रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नगरवासियों को उम्मीद है कि इस मुलाकात के परिणामस्वरूप अकबरपुर में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी तेज़ी से विकास होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.