फ़िल्म “उदयपुर फाइल्स” पर बैन लगाने की मांग, DK फाउंडेशन ने उठाई आवाज़

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और साम्प्रदायिक तनाव फैलाने का लगाया आरोप

मुंबई, 7 जुलाई 2025 — आगामी 11 जुलाई को रिलीज़ होने वाली विवादित फ़िल्म “उदयपुर फाइल्स” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। DK फाउंडेशन ऑफ़ फ़्रीडम एंड जस्टिस ने इस फ़िल्म के प्रदर्शन पर पूरे भारत में रोक लगाने की मांग की है।

फाउंडेशन के डायरेक्टर दानिश ख़ान ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को संबोधित एक पत्र में कहा है कि फ़िल्म में मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दृश्य और संवाद शामिल हैं। विशेषकर, इसमें इस्लाम धर्म के पैगंबर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के प्रति आपत्तिजनक चित्रण किया गया है। इसके अलावा, विवादित पात्र नूपुर शर्मा को गुस्से और उकसावे के भाव में प्रस्तुत किया गया है।

फ़ाउंडेशन ने चेतावनी दी है कि इस फ़िल्म के कारण मुंबई जैसे संवेदनशील शहर में सांप्रदायिक तनाव फैल सकता है, जिससे देश की कानून व्यवस्था को गंभीर खतरा हो सकता है।

दानिश खान ने कहा कि अगर इस फ़िल्म पर रोक नहीं लगाई गई, तो फाउंडेशन इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र तक ले जाने और भारत की कानून व्यवस्था पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठाने को मजबूर होगा।

उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से अपील की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सामाजिक शांति और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के लिए फ़िल्म के प्रदर्शन पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दे।

इस पूरे मामले पर अब फ़िल्म निर्माताओं और सेंसर बोर्ड की प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.