रामपुर: डॉक्टर्स डे पर जिला अस्पताल में भारतीय किसान यूनियन इंडिया ने किया सम्मान समारोह, मरीजों के लिए फूड पैकेट वितरण की भी घोषणा
रामपुर, 1 जुलाई: डॉक्टर्स डे के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन इंडिया के पदाधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. डी.के. वर्मा को सम्मानित किया। यूनियन के जिला अध्यक्ष बाबू अली ने इस मौके पर कहा कि जिला चिकित्सालय की सेवाएं गरीब और कमजोर वर्ग के लिए वरदान हैं, जिनका लाभ आमजन को भरपूर लेना चाहिए।
बाबू अली ने बताया कि जिला अस्पताल में ब्लड बैंक, सिटी स्कैन, एक्स-रे सहित कई जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो मरीजों के लिए मुफ़्त या रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि यूनियन का प्रतिनिधि मंडल जल्द ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को फूड पैकेट वितरित करेगा, ताकि उन्हें राहत मिल सके और उनके आशीर्वाद प्राप्त हों। संगठन ने सेवा भावना को ही अपना ध्येय बताया और ऐसे कार्यों को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।
