भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा, बोले – दोषियों को नहीं मिलेगी माफी

अमृतसर, 30 जून: आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और राज्य के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा आज भगवान जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा में भाग लेने अमृतसर पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. जसबीर सिंह संधू सहित आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अमन अरोड़ा ने कहा, “आज अमृतसर की धरती पर भगवान जगन्नाथ जी महाराज की पवित्र रथ यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए हैं। मैं और हमारे साथी यहां एक भक्त के रूप में प्रभु के दर्शन करने आए हैं। मैंने प्रार्थना की है कि पूरा अमृतसर, पूरा पंजाब और पूरा देश चढ़दी कला में रहे।”

हालांकि, जब मीडिया ने राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया मांगी, तो अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि, “मैं इस पवित्र स्थल पर किसी पापी या विवादास्पद विषय का नाम लेकर अपने ऊपर पाप नहीं लेना चाहता। यात्रा के बाद मैं खुलकर बात करूंगा।”

इसके बाद उन्होंने राज्य में नशाखोरी के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “हमने बीते तीन दिनों में पंजाब के लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास यह जानकारी है कि पंजाब में चिट्टे की छठी नदी कैसे बहती थी, तो वह विजिलेंस में जाकर अपना बयान दर्ज करवाए। विजिलेंस ने मुझसे भी जानकारी मांगी है। हमें भरोसा है कि भगवंत मान जी की अगुवाई में सरकार निष्पक्ष जांच करेगी।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। “चाहे वह बेअदबी का दोषी हो या नशा तस्करी में शामिल हो, कोई नहीं बचेगा।”

कुंवर विजय प्रताप के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कहा, “वह मेरे लिए सम्माननीय हैं, लेकिन जब सरकार ने उनकी पुरानी मांगों के अनुसार कार्रवाई शुरू की है, तो ऐसे समय पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। पार्टी अनुशासन के तहत मैं वही करूंगा जो नेतृत्व तय करेगा।”

अरोड़ा ने अंत में कहा कि वह एक सच्चे, ईमानदार और अनुशासित कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो भी आदेश देगी, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.