रामपुर, 26 जून 2025। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति एन-कॉर्ड की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने इसे समाज और देश के लिए गंभीर खतरा बताया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके। जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद के सभी मेडिकल स्टोरों की गहन जांच की जाए, और नकली, अवैध व प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए। इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्कूलों में नशा मुक्ति को लेकर प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए, जिससे छात्र स्तर से ही नशे के प्रति जागरूकता विकसित हो। जिलाधिकारी ने कहा कि नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक हानियों की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित की जानी चाहिए।
इस बैठक में जिला आबकारी अधिकारी श्री हिम्मत सिंह, औषधि विभाग, पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग एवं व्यापार बंधु सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
