‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति को दुनिया के सामने स्पष्ट किया: पीएम मोदी

नई दिल्ली, 24 जून — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को यह साफ संदेश दे दिया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कीमत पर सख्त रुख अपनाता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय हित में जो भी कदम जरूरी होता है, उसे उठाने से पीछे नहीं हटती।

प्रधानमंत्री ने यह बात श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच हुई ऐतिहासिक बातचीत की शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा, “हमने दिखा दिया है कि भारतियों का खून बहाने वाले आतंकियों के लिए कोई भी ठिकाना सुरक्षित नहीं है।”

पाकिस्तान का नाम लिए बिना प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय सेना ने ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों से दुश्मन को महज 22 मिनट में घुटनों पर ला दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब रक्षा जरूरतों के लिए विदेशी देशों पर निर्भर नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर बनता जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों को पूरी दुनिया सराहेगी।

मोदी ने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में उनकी सरकार ने सामाजिक, आर्थिक और रक्षा क्षेत्रों में भारत को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान देश में पहले की तुलना में कहीं अधिक संख्या में आईआईटी, आईआईएम और एम्स संस्थान खोले गए हैं।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने में मदद मिली है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.