प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 9 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत केंद्र सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
रामपुर में भाजपा जिला इकाई ने इस अभियान की रूपरेखा तैयार करते हुए बुधवार को भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में अभियान की रणनीति और कार्यक्रमों की चर्चा हुई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी चौधरी राजा वर्मा ने कहा कि आजाद भारत में पहली बार किसी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल पूरे किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं।
जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि यह हम सब की जिम्मेदारी है कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक साझा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने रामलला के शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा दोनों में भाग लिया। पिछली सरकारों ने सांस्कृतिक स्थलों की उपेक्षा की, जबकि वर्तमान सरकार ने इनका गौरव लौटाया है।
पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए मोदी सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी, बैंक चेयरमैन मोहन लाल सैनी, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता सहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
