सिटी फॉरेस्ट गाजियाबाद के पुनर्विकास हेतु हुआ विस्तृत प्रस्तुतीकरण

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा सिटी फॉरेस्ट, बनेगा शहर का वन स्टॉप डेस्टिनेशन

गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सभागार में आज सिटी फॉरेस्ट पार्क के पुनर्विकास को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता मेरठ मंडल के आयुक्त एवं गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष महोदय ने की। बैठक में उपाध्यक्ष महोदय, नगर आयुक्त महोदय तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

Ernst & Young ने दिया विस्तृत प्रस्तुतीकरण
प्राधिकरण की परामर्शदाता संस्था Ernst & Young (E&Y) द्वारा सिटी फॉरेस्ट के समग्र पुनर्विकास पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि वर्ष 2023 में आई भीषण बाढ़ के कारण पार्क की सौंदर्य व्यवस्था एवं संरचना को भारी नुकसान पहुंचा था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुनर्विकास की योजना तैयार की गई है।

सिटी फॉरेस्ट बनेगा आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल
प्रस्तुतिकरण में यह प्रस्तावित किया गया कि सिटी फॉरेस्ट को एक अत्याधुनिक और बहुउद्देशीय पर्यावरणीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित सुविधाओं में जिप लाइनिंग, ट्रैकिंग ट्रेल्स, बोटिंग, डेकोरेटिव लाइटिंग सहित कई हाई-एंड एक्टिविटी शामिल होंगी। यह पार्क एक मॉडल अर्बन फॉरेस्ट के रूप में विकसित होगा, जो पूरे शहर के लिए वन स्टॉप डेस्टिनेशन बनेगा।

शहर को मिलेगा स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक हरित पर्यावरण प्रदान करना है। यह पार्क न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगा बल्कि दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी शामिल होगा। बच्चों को प्रकृति से जुड़ने और पारिवारिक मनोरंजन के लिए यह एक आदर्श स्थल बनेगा।

जनहित में लिया गया सराहनीय कदम
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की और इसे गाजियाबाद के शहरी विकास की दिशा में एक सकारात्मक और जनहितैषी कदम बताया। जल्द ही योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.