नायाब सपना, स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना अभियान शुरू, ओएसडी पहुंचे सिरसा, मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया

- मुख्यमंत्री ने संदेश भेजकर की संस्था की सराहना, नई मुहिम की सफलता के लिए दी शुभकामना -

ऐलनाबाद, 30 मई ( एम पी भार्गव ) भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन के बैनर तले “नायाब सपना स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना” अभियान की शुरुआत शुक्रवार को सिरसा से हुई। राजकीय संस्कृति मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रदेशाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। ओएसडी ने दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम शुभारंभ उपरांत मुख्यमंत्री नायब सैनी का लिखित संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने भेजे अपने संदेश में संस्था द्वारा अब तक किए सामाजिक कार्यों की सराहना के साथ ही नई मुहिम के सफलता की कामना करते हुए आह्वान किया कि हम सब नशा मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध हरियाणा निर्माण में अपना योगदान दें। वहीं मुख्य अतिथि बढ़खालसा ने अपने संबोधन में युवाओं को भविष्य के भारत का निर्माण में अपना-अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

बाकायदा इसके लिए उन्होंने स्वयं एक‌ प्रेरक गीत गाया जिसके बोल‌ थे कि ‘हो जाओ तैयार साथियों, हो जाओ तैयार.. अर्पित कर‌ दो तन-मन-धन, मांग रहा बलिदान वतन।’ कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से बहन बिंदु, अध्यक्षा निताशा सिहाग व खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारत को युवा देश बताते हुए स्वस्थ, समृद्ध हरियाणा के नायाब सपने में योगदान के विषय पर विचार रखे। कार्यक्रम उपरांत मुख्य अतिथि एवं संस्था के पदाधिकारियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इस मौके पर एसोसिएशन की प्रदेश महासचिव मीरां देवी, दर्शना बामनिया, कार्यक्रम संयोजक अनिता सैनी, पूजा वर्मा, विशाल छाबड़ा, प्रदीप सहारण सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अध्यापकगण उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.