शेयर मार्किट में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 2 लाख 13 रुपए की ठगी करने के मामले में तीन आरोपी राजस्थान से काबू 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया गया, जबकि एक आरोपी को जेल भेजा गया 

ऐलनाबाद , 30 मई ( एम पी भार्गव ) जिला पुलिस अधीक्षक डॉ गुप्ता के निर्देशानुसार साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की साइबर थाना की एक विशेष पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर कम समय में मोटा मुनाफा का लालच देकर शहर सिरसा के शांति नगर क्षेत्र में एक युवक से 2 लाख 13 रुपए का साइबर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान क्षेत्र से काबू कर लिया है । इस संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि दीपक पुत्र चिरंजी लाल निवासी शांति नगर सिरसा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते कुछ दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात नबरों से फोन आया और फोन करने वालो व्यक्ति कहने लगा कि यदि आपको शेयर मार्किट में ट्रेडिंग कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाना चाहते है तो हम आपको लिंक भेज देगें और लिंक पर क्लिक कर मांगी गई कुछ डिटेल भर देना जैसे ही आप हमारी कंपनी के लिंक पर क्लिक करेंगे आप हमारी कंपनी के मैंबर बन जाएगें । पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि अगले दिन मेरे फोन पर एक अनजान नंबर से लिंक आया जैसे ही मैन लिंक को खोलकर बैंक संबंधी व अन्य प्रकार की डिटेल भर कर सब्मिट किया तो कंपनी ने मुझे ज्वाइन कर लिया । शुरुआत में पीड़ित व्यक्ति ने छोटी-छोटी इंस्टॉलमेंट में पैसे लगाने शुरु किए,बदले में उसे पैसे चार गुना मिलने लगे । साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि लालच में आकर पीड़ित व्यक्ति ने 2 लाख 13 हजार रुपए इंवेसमेंट कर दिए । कुछ समय बाद पीड़ित व्यक्ति ने अपने पैसे वापस निकालने के लिए कंपनी के लिंक पर क्लिक किया तो लिंक पूरी तरह से बंद हो चुका था । उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति को जब तक अहसास होता वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका था । पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर 8 मार्च 2025 को साइबर थाना में ठगी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी । जांच के दौरान साइबर थाना की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान वीर सिंह पुत्र श्रवण सिंह,सौरभ पुत्र मनोज कुमार निवासियान लादुना जिला नागौर राजस्थान व लाल चंद पुत्र श्याम सुंदर निवासी डुंगरगढ़ जिला बिकानेर राजस्थान के रुप में हुई है । साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों को अदालत में पेश किया गया । माननीय अदालत के आदेश पर सौरभ पुत्र मनोज कुमार निवासी लादुना जिला नागौर राजस्थान को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया है । जबकि दो अन्य आरोपी वीर सिंह व लाल चंद को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है । पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की राशि बरामद की जाएगी । गौरतलब है कि इस घटना के दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था । उन्होंने बताया कि अभियोग की जांच जारी है और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति ठगी के इस नेटवर्क में संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.