बिहार के करकट में प्रधानमंत्री मोदी ने ₹48,520 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

करकट (बिहार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के करकट में ₹48,520 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के तहत गुरुवार को पटना पहुंचे थे। शुक्रवार को करकट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पटना–गया–डोभी खंड (NH–22) के चार लेन वाले मार्ग, जिसकी लागत लगभग ₹5,520 करोड़ है, का उद्घाटन किया। साथ ही, गोपालगंज नगर में NH–27 पर एलिवेटेड हाईवे और ग्रेड सुधार कार्य का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोन नगर–मोहम्‍मदगंज के बीच तीसरी रेल लाइन (लागत ₹1,330 करोड़ से अधिक) को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री व कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

करकट, बिहार के रोहतास ज़िले का एक प्रखंड है, जहां से इन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने औरंगाबाद ज़िले में नविनगर सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (स्टेज-2, 3×800 मेगावॉट), जिसकी लागत ₹29,930 करोड़ से अधिक है, की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना बिहार और पूर्वी भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी।

सड़क और संपर्क साधनों को मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं की नींव रखी। इनमें पटना–आरा–सासाराम खंड (NH-119A) का चौड़ीकरण, वाराणसी–रांची–कोलकाता हाईवे (NH-319B) और रामनगर–कच्ची दरगाह मार्ग (NH-119D) को छह लेन में परिवर्तित करना शामिल है।

इसके अलावा, गंगा नदी पर बक्सर और भरौली के बीच एक नए पुल के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया, जो क्षेत्रीय संपर्क और यातायात को काफी बेहतर बनाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.