बीबीएमबी में सदस्य (सिंचाई) की नियुक्ति से हरियाणा को मिलेगा पूरा पानी: अभय सिंह चौटाला
राज्यपाल को ज्ञापन देने के बाद मिली बड़ी सफलता
- रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में हरियाणा की ओर से सदस्य (सिंचाई) की नियुक्ति के लिए महामहिम राज्यपाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा को पंजाब से उसका पूरा पानी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
इनेलो ने राज्यपाल को सौंपा था ज्ञापन
चौटाला ने बताया कि 21 मई को इनेलो के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा था। इसमें बीबीएमबी में हरियाणा के स्थायी सदस्य (सिंचाई) की नियुक्ति रद्द किए जाने का मुद्दा उठाया गया था और मांग की गई थी कि यह पद पुनः बहाल किया जाए।
बीएस नारा को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार
राज्यपाल ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार को सिफारिश भेजी, जिसके परिणामस्वरूप बीबीएमबी के हरियाणा के मुख्य अभियंता बीएस नारा को सदस्य (सिंचाई) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह नियुक्ति हरियाणा के किसानों के लिए राहत लेकर आई है और सिंचाई प्रबंधन में राज्य की भूमिका को और मजबूत बनाएगी।
हरियाणा के हक की जीत: इनेलो
चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो ने यह साबित कर दिया है कि वह केवल बातें नहीं करती, बल्कि संघर्ष करके हरियाणा के अधिकार दिलाने का कार्य भी करती है। उन्होंने इसे हरियाणा के किसानों के हक की जीत बताया और आश्वासन दिया कि इनेलो भविष्य में भी प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए ऐसे ही संघर्ष जारी रखेगी।
