अमृतसर में अकाली दल पार्षद के कत्ल के आरोपियों का एनकाउंटर, चार गिरफ्तार

एक आरोपी गुरप्रीत गोपी को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

अमृतसर। छेहरटा इलाके में कल अकाली दल के पार्षद हरजिंदर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी गुरप्रीत गोपी को एनकाउंटर के दौरान गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिन्होंने पहले आरोपियों की पहचान की। गोइंदवाल से जोबन नामक युवक को पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को सुल्तानविंड रोड से गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी गुरप्रीत को झबाल रोड पर नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया, जहां उसने भागने की कोशिश की।

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, गुरप्रीत ने पकड़े जाने पर पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गुरप्रीत की पार्षद हरजिंदर सिंह से पुरानी रंजिश थी। आरोपी के परिवार के खिलाफ पूर्व में नशे के मामलों में कार्रवाई हुई थी और उन्हें शक था कि पार्षद ने ही उन्हें फंसवाया था। आरोपियों से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है और अन्य जानकारियां भी सामने आने की संभावना है।

गुरप्रीत गोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में नशे से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.