मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पत्रकार कल्याण के लिए बड़ी सौगात
उच्च शिक्षा में सहयोग, आयु सीमा में छूट और नव-प्रसारक नीति का हुआ क्रियान्वयन
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए एक और बड़ी पहल की है। पत्रकारों के बच्चों की उच्च शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से राज्य सरकार ने छात्रवृत्ति योजना की अधिसूचना जारी कर दी है।
इस योजना के अंतर्गत अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को स्नातक एवं उससे ऊपर के पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यदि पाठ्यक्रम की अवधि एक से अधिक वर्ष की है, तो छात्रवृत्ति का नवीनीकरण प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। इसके लिए आवेदक को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन अपने जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में जमा कराना होगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (RGHS) की शुरुआत की थी, जिससे उन्हें समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही स्वतंत्र पत्रकारों को भी राहत देते हुए उनकी अधिस्वीकृति के लिए न्यूनतम आयु सीमा 45 वर्ष और पत्रकारिता अनुभव 15 वर्ष कर दिया गया है, जिससे अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकारों को मान्यता मिल सके।
सरकार ने सोशल मीडिया के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए नव-प्रसारक नीति लागू की है, जिसके माध्यम से सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त पत्रकार एवं साहित्यकार कल्याण कोष से अधिस्वीकृत पत्रकारों व उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में उन्हें सहयोग मिल सके।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ये घोषणाएं पत्रकार समुदाय के हित में मील का पत्थर साबित हो रही हैं और इससे प्रदेश में मीडिया कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।
