रामपुर में संपन्न हुई 42वीं अंतरजनपदीय पुलिस बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता

डीआईजी मुरादाबाद श्री मुनि राज जी ने विजेताओं को किया सम्मानित, रामपुर और मुरादाबाद की टीमों का शानदार प्रदर्शन

रामपुर। 7 मई को शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम, बमनपुरी, जनपद रामपुर में 5 मई से आयोजित 42वीं अंतरजनपदीय पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता 2025 का भव्य समापन आज संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री मुनि राज जी ने प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामपुर, अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर तथा समस्त क्षेत्राधिकारीगण मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी डीआईजी द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन रेडिको खेतान, रामपुर द्वारा प्रायोजित किया गया।

प्रतियोगिता में विजेता टीमों और खिलाड़ियों का विवरण:
पुरुष बैडमिंटन टीम चैम्पियनशिप:
रामपुर ने बरेली को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

महिला बैडमिंटन टीम चैम्पियनशिप:
जनपद रामपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पुरुष टेबल टेनिस टीम चैम्पियनशिप:
जनपद मुरादाबाद की टीम विजेता रही।

महिला टेबल टेनिस टीम चैम्पियनशिप:
मुरादाबाद की महिला टीम ने टीम चैम्पियनशिप जीती।

पुरुष बैडमिंटन व्यक्तिगत वर्ग:
संदीप (रामपुर) ने प्रदीप कुमार (पीलीभीत) को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बैडमिंटन):
आरक्षी संदीप कुमार (रामपुर) और महिला उप निरीक्षक मधु कश्यप (मुरादाबाद)।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (टेबल टेनिस):
मुख्य आरक्षी सुनील यादव (मुरादाबाद) और महिला कांस्टेबल कोमल (बरेली)।

समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए श्री मुनि राज जी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस बल में टीम भावना, अनुशासन और स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.