जयपुर: एंटी गैंगस्टर फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 92 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार

15 लाख की ड्रग्स जब्त, पुलिस ने मौके से सेलेरियो कार भी की सीज, नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम

जयपुर/प्रतापगढ़, 7 मई। एंटी गैंगस्टर फोर्स (AGTF) की सूचना पर प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 ग्राम एमडी ड्रग के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फिरोज अजमेरी पुत्र कयूम (उम्र 34 वर्ष), निवासी बागलिया थाना हथुनिया, हाल निवासी अजमेरी कॉलोनी प्रतापगढ़ को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी की सेलेरियो कार भी जब्त की है, जिसमें वह ड्रग सप्लाई करने के लिए घर से निकला था। जब्त ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

सूचना मिलते ही दी गई दबिश
एडीजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा से लगे प्रतापगढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी और इसकी सप्लाई राजस्थान सहित अन्य राज्यों में की जा रही थी।

एडीजी के निर्देशन में डीआईजी योगेश यादव, एजीटीएफ के एएसपी (वर्तमान में जयपुर पूर्व के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त) आशाराम चौधरी के सुपरविजन में हेड कांस्टेबल महावीर सिंह व कांस्टेबल नरेंद्र पाटीदार को आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने और गिरफ्तारी का टास्क सौंपा गया था।

घर के बाहर कार में बैठा मिला आरोपी
जैसे ही आरोपी के ड्रग सप्लाई के लिए निकलने की पुष्टि हुई, प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल दबिश दी। अजमेरी कॉलोनी में आरोपी अपने घर के बाहर कार में बैठा मिला। तलाशी के दौरान उसके लोवर की जेब से प्लास्टिक की थैली में 92 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में सामने आया ड्रग सप्लायर का नाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह ड्रग उसने बारी दरवाजा, थाना प्रतापगढ़ निवासी शाहरुख पुत्र इकबाल उर्फ मामू पठान से ली थी। पुलिस अब शाहरुख की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़ जिले में तीन दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 4 मई की रात थाना छोटी सादड़ी क्षेत्र में 785 किलो अफीम डोरा चूरा से भरे ट्रक को जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार किया गया था। जब्त अफीम की कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

ड्रग फैक्ट्री और हथियार भी पकड़े जा चुके हैं
दिसंबर 2024 में भी AGTF ने प्रतापगढ़ जिले के देवल्दी गांव (थाना अरनोद) में दो फार्म हाउस पर छापेमारी कर एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान करीब 12 किलो एमडी ड्रग, 19.67 किलो लिक्विड कैमिकल और अवैध हथियार (एक पिस्टल, मैगजीन व 3 कारतूस) जब्त किए गए थे।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.