अलवर जेल में लॉरेंस गैंग के शूटर से मिला मोबाइल, जयपुर जेल में किया गया शिफ्ट, जांच में जुटी पुलिस

सेंट्रल जेल में अचानक हुई तलाशी, गैंगस्टर के पास से मिला मोबाइल और सिम

अलवर : राजस्थान के अलवर जिले की सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जेल में अचानक की गई तलाशी के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सुनील उर्फ सोनू के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए। जेल प्रशासन ने तुरंत कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया।

गंभीरता को देखते हुए आरोपी को लिया हिरासत में, जयपुर जेल भेजा गया
पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर सुनील को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू की। साथ ही, एक अन्य बंदी जयंत के पास से भी मोबाइल मिलने पर उसे जयपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

जेल में सुरक्षा जांच अभियान के दौरान हुआ खुलासा
कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक मोरमुकुट ने बताया कि 11 अप्रैल को जेल में सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान बंदी सुनील और जयंत के पास से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद हुए। मामला सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।

हत्या के मामले में उम्रकैद काट रहा है आरोपी सुनील
सुनील उर्फ सोनू वर्ष 2020 से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है। वर्तमान में वह अलवर के कोट कासिम क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में सजा काट रहा है। उसके खिलाफ हत्या (धारा 303), हत्या के प्रयास (धारा 307), लूट और गैंगवार जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।

मोबाइल जेल में कैसे पहुंचा? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल जैसी सुरक्षा वाली जगह में मोबाइल और सिम कार्ड कैसे पहुंचे। इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। सुरक्षा चूक को लेकर जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.