रामपुर: सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, सपा नेता को धमकियों और हमले की निंदा

रामपुर। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सपा नेता रामजीलाल सुमन वर्मा को लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों और हाल ही में हुए हमले पर कड़ी आपत्ति जताई गई है।

सपा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के प्रतिनिधि महबूब अली ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है और राज्य में बदमाशों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं।

महबूब अली ने कहा कि रामजीलाल सुमन वर्मा को लगातार धमकियां मिल रही हैं और उन पर जानलेवा हमला बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सपा नेता को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अराजकता अपने चरम पर है, प्रशासनिक तंत्र निष्क्रिय नजर आ रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति पर नियंत्रण और पीड़ित नेता को न्याय दिलाने की मांग की।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.